दुनियाभर में कोरोनावायरस से अब तक 88 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 15 लाख 17 हजार संक्रमित हैं, जबकि तीन लाख 30 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, ब्रिटेन में 24 घंटे में 938 लोगों ने दम तोड़ा है। देश में मौतों का आंकड़ा सात हजार से ज्यादा हो गया है, जबकि 60 हजार 733 लोग संक्रमित हैं। उधर, कोरोना से संक्रमित ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अभी भी आईसीयू में हैं। 10 डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री का हौसला बहुत मजबूत है। उनकी हालत अब बेहतर है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार रात लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया था।
डब्ल्यूएचओ महानिदेशक को जान से मारने की धमकी
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस एडहोनम गेब्रेयेसिएस ने बुधवार को खुलासा किया कि कोरोना से लड़ाई अभियान के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन के दौरान अमेरिका और चीन समेत सभी देशों को कोरोना पर राजनीति नहीं करने की सलाह दी। इसके बाद एक सवाल के जवाब में कहा कि वे व्यक्तिगत तौर पर निशाना बनाए जाने की परवाह नहीं करते। पिछले तीन महीने में मुझे कई तरह के अपशब्द कहे गए। मुझे नीग्रो और अश्वेत कहा गया। यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दी गई। मैंने कोई प्रत्युत्तर नहीं दिया। उन्होंने बताया कि जान से मारने की धमकी ताइवान से किसी ने दी। कार्रवाई करने की बजाय ताइवान के अधिकारी उनकी ही आलोचना करने लगे। उन्होंने कहा कि हां वह नीग्रो और अश्वेत हैं और उन्हें इस बात का गर्व है।
- गेब्रेयेसिएस ने कहा- कोरोना से हर मिनट लोग मर रहे हैं। यदि हम जल्दी एकजुट नहीं हुए तो स्थिति और खराब हो सकती है। कोरोना के बारे में अब भी बहुत कुछ हमें पता नहीं है। यह एक नया वायरस है। हमें पता नहीं कि आगे जाकर यह कैसे व्यवहार करेगा। इसलिए हमारा एकजुट होना पहले से कहीं अधिक जरूरी है।
- इससे पहले गेब्रेयेसिएस ने कहा था कि डब्ल्यूएचओ द्वारा कोरोना को एक अज्ञात वायरस के रूप में अधिसूचित किए हुए गुरुवार को 100 दिन हो रहे हैं। इन 100 दिनों में इस वायरस ने पूरी दुनिया को बदलकर रख दिया है। यह नया वायरस है इसलिए हमें और आश्चर्यों का सामना करना पड़ेगा।
अमेरिका: ट्रम्प का फिर डब्ल्यूएचओ पर हमला
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को डेली प्रेस ब्रिफेंग के दौरान कहा- डब्ल्यूएचओ महामारी से गलत तरीके से निपटा। उसे अपनी प्राथमिकताएं सही रखनी चाहिए। बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में ट्रम्प के हवाले से कहा, ‘‘एजेंसी को फंडिंग जारी रखनी चाहिए या नहीं, इस पर अमेरिका अध्ययन कर पुनर्विचार करेगा।’’ डब्ल्यूएचओ ने चीन का गलत तरीके से पक्ष लिया, इस पर जोर देते हुए ट्रम्प ने कहा- संगठन को चाहिए था कि हर किसी के साथ समान और सही व्यवहार करे, लेकिन ऐसा लगा नहीं। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने बुधवार को कहा- प्रशासन डब्ल्यूएचओ के संबंध में हमारी फंडिंग का पुनर्मूल्यांकन कर रहा है। संगठनों को काम करना होगा। जिस मकसद के लिए उन्हें बनाया गया है, उन्हें वह परिणाम देने होंगे।
अमेरिका में कोरोना से लगभग 11 भारतीयों की मौत हो गई है। अन्य 16 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वहीं, अमेरिका में 24 घंटे में 1,973 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ ही देश में अब तक 14 हजार 787 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि चार लाख 34 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं।
नए रिसर्च में इसके संकेत मिले हैं कि कोरोनोवायरस फरवरी के मध्य में न्यूयॉर्क क्षेत्र में फैलना शुरू हो गया था। यह मुख्य रूप से यूरोप से लौटे यात्रियों द्वारा लाया गया था, न कि एशिया के।
न्यूयॉर्क के गवर्नर गैविन क्यूमो ने बुधवार को कहा- राज्य में पिछले 24 घंटे में 779 लोगों की मौत हुई है। यह एक दिन में मरने वालों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। एक दिन पहले यहां 731 लोगों की मौत हुई थी।
न्यूयॉर्क में अब तक एक लाख 51 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यह आंकड़ा यूरोप के सबसे ज्यादा प्रभावित स्पेन, इटली और जर्मनी से भी ज्यादा है। वहीं, यहां छह हजार 268 लोगों की जान जा चुकी है।
न्यू जर्सी के गवर्नर फिलिप मर्फी ने कहा- यहां एक दिन में 275 लोगों की जान गई, एक दिन पहले 232 लोग मारे गए थे। यहां अब तक 1504 मौतें हो चुकी हैं।
वहीं, कनेक्टिकट में बुधवार को 49 लोगों ने दम तोड़ा। यहां एक दिन पहले 71 जान गई थी। यहां अब तक 335 लोगों की मौत हो चुकी है।
- एक विश्लेषण से पता चला कि कोरोनावायरस का असर अमेरिका में रहने वाले काले लोगों पर ज्यादा पड़ा है। शिकागो की कुल आबादी का 30% हिस्सा अफ्रीकी-अमेरिकियों का है। इनमें से 68% की मौत कोरोना से हो गई है। सोमवार को मीडियो ब्रीफिंग में शिकागो की मेयर लोरी लाइटफुट ने कहा, ‘‘ यही हाल उत्तरी कैरोलिना, लूसियाना, मिशिगन, विस्कॉन्सिन और राजधानी वाशिंगटन का भी है।’’
- सीएनएन के मुताबिक, नेवाडा के गवर्नर स्टीव सिसोलक ने गुरुवार को कहा कि राज्य में आउटडोर मिटिंग्स, जिम, स्वीमिंग पूल और गोल्फ कोर्स समेत अन्य मनोरंजन स्थलों को अगली सूचना तक बंद कर दिया जाएगा। लोग अपनी निजी जगहों पर खेल सकते हैं। यहां फर्नीचर स्टोर्स, रीटेल शोरूम भी बंद कर दिए जाएंगे।